ग्वालियर, 25/01/2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के अटल सभागार में संविधान गौरव अभियान के अंतर्गत आयोजित महासंगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने असली गांधी को भुला दिया और कांग्रेस के नेता नकली गांधी बन बैठे। कांग्रेस पार्टी ने लगातार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और उनके बनाए संविधान का अपमान किया। अब जब कांग्रेस पार्टी पूरे देश में खत्म हो रही है, उसके साथी उसे छोड़कर भाग रहे हैं, तब उसे बापू, बाबा साहेब और देश के संविधान की याद आ रही है। कांग्रेस पार्टी अब बापू, बाबा साहब और संविधान के नाम पर यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस के नेताओं को तो इन तीनों के अपमान के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। पं. नेहरू के व्यवहार के कारण बाबा साहब की आत्मा को जो कष्ट पहुंचा, उसके लिए कांग्रेस के नेताओं को माफी यात्रा निकालनी चाहिए। कांग्रेस के जिन नेताओं से पं. नेहरू की दुश्मनी थी, वो आजादी के बाद उनसे चुन-चुनकर हिसाब चुकता करते रहे। कांग्रेस ‘गांधी’ का नाम उपयोग सिर्फ वोट पाने के लिए करती है। कांग्रेस अपनी बंद दुकान को चमकाने के लिए बाबा साहब के नाम पर यात्रा निकालने का ढोंग कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश-विदेश में मध्यप्रदेश को गौरवान्वित करने वाले अनुसूचित जाति की प्रतिभाओं का सम्मान किया।
हमारी संस्कृति समरसता की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी संस्कृति समरसता की रही है और जब-जब किसी ने हमारे देश पर, भारत की आत्मा पर प्रहार करने की कोशिश की है, तब देश ने उसका जवाब दिया है और उन चुनौतियों के बीच से ही रास्ता निकाला है। हमारी संस्कृति समरसता की है और उसकी विशेषता है कि वह हमें एक-दूसरे से जोड़ती है, नजदीक लाती है। आजादी के पहले कांग्रेस कुछ और थी, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस पार्टी का व्यवहार बदल गया और उसने अपने ही नेताओं को भुला दिया। देश की आजादी में महात्मा गांधी के योगदान को कांग्रेस के नेताओं ने भुला दिया। आज पता नहीं बापू का असली परिवार कहां है। लेकिन कांग्रेस के नेता नकली गांधी बन बैठे। इन्हें पता है कि ‘गांधी’ नाम से वोट मिलते हैं, इसलिए ये उसे छोड़ना नहीं चाहते। पं. मदनमोहन मालवीय ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की और एक गुरुकुल के रूप में इस संस्थान का सनातन संस्कृति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। लेकिन कांग्रेस ने पं. मालवीय को भी भुला दिया। उन्होंने बाल गंगाधर तिलक को भुला दिया, नेताजी सुभाषचंद्र बोस को भुला दिया। अपनी संकुचित सोच के चलते कांग्रेस के नेताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल को भुला दिया। जिन बाबा साहब अंबेडकर ने देश को संविधान दिया, धारा 370 लगाने जैसे कुत्सित विचार का विरोध किया, उन बाबा साहब की राह में कांटे बिछाने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया।
बाबा साहब से दुश्मनी निकालती रहीं कांग्रेस की चार पीढ़ियां
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पं. नेहरू ने अपनी संकुचित सोच के चलते बाबा साहब डॉ. अंबेडकर को आगे नहीं बढ़ने दिया। योग्यता, क्षमता और सिद्धांतों के आधार पर बाबा साहब को मंत्रिमंडल में स्थान दिया जाना था, लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने ऐसा नहीं किया। पं. नेहरू ने अपनी हीनभावना के चलते बाबा साहब को चुनाव नहीं जीतने दिया। उनका सम्मान करना तो दूर, कांग्रेस की सरकार ने उस व्यक्ति को पद्भविभूषण से सम्मानित किया, जिसने बाबा साहब को चुनाव हराया था। कांग्रेस के नेताओं ने देश का संविधान बनाने में डॉ. अंबेडकर के योगदान को देखते हुए भी उनकी एक फोटो तक लगाना ठीक नहीं समझा। उनके स्मारक बनाने या उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए कुछ नहीं किया। अब जब कांग्रेस की जमीन सिकुड़ती जा रही है, तो कांग्रेस पार्टी जमीन से जुड़ने के लिए बाबा साहब के नाम पर यात्रा निकालने का ढोंग कर रही है। लेकिन देश और प्रदेश की जनता सब जानती है। जनता की आंखों में धूल झोंकने की कांग्रेस की यह कोशिश कभी कामयाब नहीं होगी।
भाजपा ने किया बाबा साहब और संविधान का सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे गर्व है कि हमारी पार्टी ने शुरुआत से बाबा साहब डॉ. अंबेडकर, उनकी भावनाओं और उनके बनाए संविधान का सम्मान किया है। बाबा साहब ने जिस धारा 370 का विरोध किया, उसके विरोध में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की स्थापना की। सत्ता में न होने पर भी हमारी पार्टी ने बाबा साहब के जीवन से जुड़ी 14 अप्रैल और 6 दिसंबर की तारीखों को हमेशा याद रखा। हमारी सरकार ने बाबा साहब को न सिर्फ उचित सम्मान दिया, बल्कि उनके जीवन से जुड़े पंचतीर्थों को संवारकर उनकी स्मृतियों को संजोने का भी प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि हमारे प्रधानमंत्री जी जब शपथ लेते हैं, तो बाबा साहब के बनाए संविधान को माथे से लगाते हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी ने डॉ. अंबेडकर के विरोध के बावजूद कश्मीर में धारा 370 लगाई। जब लोगों ने विरोध किया, आंदोलन किया, तो कांग्रेस ने उसे कुचलने का काम किया। जब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने श्रीमती इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित किया, तो उन्होंने संविधान की हत्या करते हुए देश में आपातकाल लगा दिया। कांग्रेस पार्टी ने 90 से अधिक बार संविधान में संशोधन किये और संविधान के इस अपमान में कांग्रेस की चारों पीढ़ियों का योगदान रहा है। हमें कांग्रेस के इन पापों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
कांग्रेस के लिए संविधान सिर्फ वोटबैंक का जरिया- श्री लालसिंह आर्य
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालसिंह आर्य ने कहा कि देश में संविधान 1950 में लागू हुआ और 57 साल कांग्रेस की सरकार रही। लेकिन कांग्रेस को कभी भी संविधान याद नहीं आया और न ही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर याद आए। देश में संविधान तो था, लेकिन संविधान दिवस नहीं था, क्योंकि कांग्रेस संविधान दिवस मनाना नहीं चाहती थी, क्योंकि संविधान दिवस मनाएंगे तो बाबा साबह डॉ. भीमराव आंबेडकर का स्मरण होगा। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब के राजनीतिक और सामाजिक जीवन को समाप्त करने पर काम किया। आज राहुल गांधी को कांग्रेस की बंद दुकान को खोलने के लिए संविधान याद आ रहा है। संविधान की किताब को राहुल गांधी हाथ में लेकर लहराते तो हैं, लेकिन पढ़ते नहीं हैं। कांग्रेस के लिए संविधान सिर्फ वोटबैंक का जरिया बन गया है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी जब गुजारत के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने सुरेंद्रनगर से संविधान यात्रा निकालने का निर्णय लिया था। देश एवं प्रदेश में बाबा साहब को मान-सम्मान देने का काम भाजपा की सरकारों ने किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कहते हैं, संविधान हमारे लिए पन्नों की किताब नहीं हमारा राष्ट्रीय ग्रंथ हैं। महू बाबा साहब की जन्मस्थली है, लेकिन कांग्रेस का एक भी प्रधानमंत्री यहां पुष्पांजलि अर्पित करने कभी नहीं आया। जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी 14 अप्रैल को अपनी योजनाओं की लॉचिंग महू से करते हैं। मध्यप्रदेश में ज्यातादर कांग्रेस की सरकार रहीं, लेकिन कांग्रेस के मुख्यमंत्री बाबा साहब का स्मारक नहीं बना पाए। बाबा साहब का स्मारक बनाने का काम भाजपा सरकार ने किया।
कार्यक्रम को प्रदेश शासन के मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट एवं श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया, श्रीमती माया सिंह, श्री अनूप मिश्रा, पूर्व सांसद एवं प्रदेश चुनाव अधिकारी श्री विवेक शेजवलकर, प्रदेश मंत्री श्री राहुल कोठारी एवं महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्रीमती माया नारोलिया सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।